Home | News | समाचार | HindiNest | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Share This Page! | Shop Online | Advertise on Boloji


 

मध्यप्रदेश में शुरू हुआ होर्डिंगों का खेल

भोपाल, 15 मई (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के सियासी दलों पर भी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का असर नजर आने लगा है। उन्होंने राजनैतिक हमले के लिए क्रिकेट को हथियार बनाया है। एक दूसरे की गेंदों पर चौके-छक्के जड़ने की कोशिश ने भोपाल में होर्डिंग युध्द ही शुरू करा दिया है। 

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस की ओर से लगाए गए इन होर्डिंगों में बल्लेबाज तो नेता बने हैं मगर पिटाई जनता की हो रही है। राज्य विधानसभा चुनाव करीब है। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होगा यह भी तय है। अभी किसी भी दल के पक्ष और विपक्ष में माहौल नहीं है। यह बात दोनों पार्टी को चिंता में डाल देने वाली है।  

भाजपा किसी भी सूरत में सत्ता पर काबिज रहना चाहती है तो कांग्रेस उसे उखाड़ फेंकने की जुगत में हैं। अपने इस लक्ष्य को पाने के लिए वे किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। सभाओं, रैली और प्रदर्शनों के बीच भाजपा और कांग्रेस ने अपनी बात कहने के लिए होर्डिंग का सहारा ले लिया है।  

इन होर्डिंगाें में सबसे खास बात यह है कि दोनों दलों ने अपने संदेश जनता तक पहुंचाने के लिए क्रिकेट का सहारा लिया है। भाजपा का निशाना जहां महंगाई पर है वहीं कांग्रेस के निशाने पर भ्रष्टाचार है। दोनों पार्टियों के होर्डिंग में एक और समानता है, वह है जनता की दुर्गति।   

भाजपा के होर्डिंग में सीधे तौर पर बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया गया है। केंद्र सरकार चौके-छक्के की तरह महंगाई, कालाबाजारी और जमाखोरी को बढ़ा रही है, जिसका आम आदमी शिकार हो रहा है और कांग्रेसी दिग्गज तालियां बजा-बजा कर इसका स्वागत कर रहे हैं। 

ठीक इसके विपरीत कांग्रेस के होर्डिंग में प्रदेश सरकार को घोटालों के चौके-छक्के जड़ने वाली बताने की कोशिश की गई है। इसमें डंपर कांड से लेकर लगभग दर्जन भर घोटालों का हवाला दिया गया है। होर्डिंग में आईपीएल की तुलना में शिवराज प्राइवेट लिमिटेड (एसपीएल) को खड़ा किया गया है।   

भाजपा के प्रवक्ता उमाशंकर गुप्त मानते हैं कि वक्त बदलने के साथ प्रचार का तरीका भी बदल रहा है। साथ ही इस बात का ख्याल रखना भी जरूरी होता है कि समय की मांग क्या है? इसीलिए भाजपा ने होर्डिंग में क्रिकेट को आधार बनाया है। क्रिकेट का दौर है और यह जनता पर ज्यादा असर करेगा। इसी को ध्यान में रखकर क्रिकेट के जरिए हकीकत बयां की गई है। भाषा को लेकर उठ रहे सवाल पर उनका कहना है कि हर किसी को संयम तो बरतना ही होगा।   

कांग्रेस के प्रवक्ता माणक अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा को उसी की भाषा में जवाब देने की शुरुआत की है। उनका आरोप है कि भाजपा ने देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी के खिलाफ  हल्की भाषा का प्रयोग किया है। हमारे सामने दो विकल्प थे एक या तो भाजपा के होर्डिंग फाड़े जाएं अथवा उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाए। इसमें से कांग्रेस ने उन्हीं की भाषा में होर्डिंग के जरिए जवाब को बेहतर माना है। इसीलिए होर्डिंग लगाए गए हैं।   

भोपाल का रोशनपुरा चौराहा हो या कोई और। हर तरफ  होर्डिंग नजर आ जाएंगे, जो होर्डिंग बार का एहसास करा जाते हैं। इन होर्डिंगों की भाषा और इशारे चुभने वाले हैं। इस होर्डिंग बार ने एक बात तो साफ  कर दी है कि आगामी दिनों में हद पार करने में कोई किसी से पीछे नहीं रहेगा और कीचड़ उछालने में भी किसी को परहेज नहीं रहेगा। यह प्रदेश की राजनीति के लिए अच्छे संकेत तो नहीं माने जाएंगे।  

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस

Advertise Your Site            

 

Recommend This Page!

Home | News | HindiNest | समाचार | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Shop Online | Advertise on Boloji

(C) Boloji.com 1999-2008 - All Rights Reserved
Boloji.com is owned and managed by Boloji Media Inc
Privacy Policy | Disclaimer
No part of this Internet site may be reproduced without prior written permission of the copyright holder.