Home | News | समाचार | HindiNest | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Share This Page! | Shop Online | Advertise on Boloji


 

सेंसेक्स ने सप्ताहांत गोता लगाया

 

मुंबई, 9 मई (आईएएनएस)। महंगाई आंकड़ों में लगातार वृध्दि और कच्चे तेल की कीमतों में रिकार्ड तेजी से घरेलू शेयर बाजारों में सप्ताहांत कारोबार के दौरान भारी गिरावट दर्ज की गई। तेल व गैस, रियल्टी, बैंकिंग, पूंजीगत वस्तुओं व ऊर्जा क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली का दबाव देखा गया।

 

मुंबई स्टाक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स व राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी दोनों आज कारोबार के दौरान क्रमश: 17 हजार और 5 हजार के मनौवैज्ञानिक स्तर के नीचे आ गए।

 

एशियाई व यूरोपीय पूंजी बाजारों में आई गिरावट से भी मंदड़ियों को बाजार पर हावी होने का मौका मिला। न्यूयार्क मर्केन्टाइल एक्सचेंज (नाइमेक्स) में शुक्रवार को कच्चे तेल की कीमत 124.80 डालर प्रति बैरल के उच्चतम स्तर तक पहुंच गई। अमेरिकी शेयर बाजार खुदरा आंकड़ों में बेहतरी के चलते गुरुवार को तेजी से बंद हुए थे।

 

मुंबई स्टाक एक्सचेंज बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक आज 17,020.79 के स्तर पर खुला और 16,678.94 और 17,125.95 के निम्तम और उच्चतम स्तर के बीच कारोबार करते हुए अंतत: 343.58 अंक यानी 2.01 फीसदी गिरकर 16,737.07 के स्तर पर बंद हुआ।

 

राष्ट्रीय शेयर बाजार (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी सप्ताहांत कारोबार के दौरान 4,969.40 और 5,087.65 के बीच कारोबार करते हुए 99.1 अंक यानी 1.95 फीसदी की कमजोरी से 4,982.60 के स्तर पर दर्ज किया गया।

 

इस बीच केंद्रीय सांख्यिकीय संगठन (सीएसओ) से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 26 अप्रैल को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश में महंगाई दर बढ़कर 42 महीनों के उच्चतम स्तर यानी 7.61 फीसदी के स्तर पर बरकारार रही। गत 19 अप्रैल को समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश में महंगाई दर 7.57 फीसदी थी।

 

बीएसई में सप्ताहांत कारोबार के दौरान कुल 788 शेयरों के भाव चढ़े। कुल 2,114 शेयरों के भाव गिरे जबकि कुल 185 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं दर्ज किया गया।

 

बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी सप्ताहांत नरमी का दौर रहा। मिडकैप सूचकांक जहां 160.77 अंक यानी 2.25 फीसदी टूटकर 6,992.66 के स्तर पर बंद हुआ वहीं स्मालकैप सूचकांक 183.40 अंक यानी 2.11 फीसदी की कमजोरी से 8,505.64 के स्तर पर दर्ज किया गया।

 

निवेशकों को फिलहाल अगले सप्ताह मार्च महीना के लिए जारी होने वाले घरेलू औद्योगिक उत्पादन आंकड़ों और अमेरिका से प्रकाशित विभिन्न आर्थिक आंकडों  भी इंतजार होगा।

 

बीएसई में आज जिन कंपनियों के शेयरों के भाव गिरे उनमें प्रमुख हैं:- जेपी एसोसिएट्स, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, एसीसी व पीएनबी।

 

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस

Advertise Your Site            

 

Recommend This Page!

Home | News | HindiNest | समाचार | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Shop Online | Advertise on Boloji

(C) Boloji.com 1999-2008 - All Rights Reserved
Boloji.com is owned and managed by Boloji Media Inc
Privacy Policy | Disclaimer
No part of this Internet site may be reproduced without prior written permission of the copyright holder.