Home | News | समाचार | HindiNest | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Share This Page! | Shop Online | Advertise on Boloji


 

अयोध्या विवादित ढांचा मामले की
सुनवाई में तीसरा गवाह पेश

 

रायबरेली, 9 मई (आईएएनएस)। अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने की सुनवाई कर रही रायबरेली की विशेष केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) अदालत में आज अभियोजन पक्ष ने अपने तीसरे गवाह अयोध्या निवासी मोहम्मद कासिम के पुत्र असलम को पेश किया।

 

चश्मदीद गवाह असलम ने जहां अपना बयान दर्ज कराया वहीं उमा भारती और ऋतंबरा के वकील ने गवाह से जिरह की। मामले की अगली सुनवाई 24 मई को होगी।

 

अभियोजन पक्ष के वकील एमं एमं हक ने बताया कि मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (अयोध्या प्रकरण) वंशराज के समक्ष अभियोजन पक्ष के तीसरे गवाह असलम ने बताया कि छह दिसम्बर 1992 को उसने अयोध्या में बाबरी मस्जिद को ढहाए जाते देखा। सुबह दस बजे बाबरी मस्जिद के सामने बने मंच पर लाल कृष्ण आडवाणी, अशोक सिंघल, मुरली मनोहर जोशी, विष्णु हरि डालमिया, उमा भारती, विनय कटियार एवं अन्य नेता मौजूद थे और अपने भाषणों के जरिए कारसेवकों को मस्जिद गिराने के लिए उकसा रहे थे।

 

अपने बयान में असलम ने कहा कि पौने बारह बजे उत्तेजित कारसेवकों ने पुलिस का घेरा तोड़ दिया और गुंबद पर चढ़ गए और वहां भगवा झंडा फहराकर खुशी में नाचने लगे। जल्दी ही और कारसेवक आ गए और फावड़ों इत्यादि की मदद से मस्जिद गिराई जाने लगी। असलम ने कहा कि रामचंद्र दास परमहंस की अगुवाई में मुसलमानों के खिलाफ  नारे लगाए गए। बयान में ऐसे कई नारे दर्ज किए गए।

 

बचाव पक्ष की ओर से उमा भारती और ऋतंबरा के वकील डां हरि दत्त शर्मा ने गवाह से जिरह करते हुए कहा कि वह छह दिसंबर को अयोध्या में था ही नहीं और वह अभियोजन के सिखाए यह बयान दे रहा है। असलम ने बचाव पक्ष के इस कथन पर प्रतिवाद करते हुए कहा कि वह उस दिन अयोध्या में ही था।

 

इस मामले की अगली सुनवाई 24 मई को होगी। विदित है कि अयोध्या मामले में हनुमान प्रसाद और आर. के. स्वामी की गवाही हो चुकी है। हनुमान प्रसाद राम जन्म भूमि थाना का वह हेडमुहर्हिर था जिसने बाबरी विध्वंस की प्राथमिकी दर्ज की थी जबकि आरं कें स्वामी केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआरपीएफ ) के डिप्टी कमांडेंट थे और छह दिसम्बर को विवादित स्थल पर तैनात थे।

 

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस

Advertise Your Site            

 

Recommend This Page!

Home | News | HindiNest | समाचार | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Shop Online | Advertise on Boloji

(C) Boloji.com 1999-2008 - All Rights Reserved
Boloji.com is owned and managed by Boloji Media Inc
Privacy Policy | Disclaimer
No part of this Internet site may be reproduced without prior written permission of the copyright holder.