Home | News | समाचार | HindiNest | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Share This Page! | Shop Online | Advertise on Boloji


 

उप्र के राजस्व मंत्री शरद पवार पर बरसे

 

लखनऊ, 9 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के राजस्व मंत्री फागू चौहान ने केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार के खिलाफ  मोर्चा खोलते हुए कहा है कि बेशक वह बड़े नेता हैं लेकिन या तो उनकी याददाश्त कमजोर हो गई है अथवा वह किसी राजनीतिक साजिश के तहत यह कह रहे हैं कि उत्तर प्रदेश सरकार ने सूखाग्रस्त बुंदेलखंड के लिए केंद्र से कोई पैकेज नहीं मांगा।

 

चौहान ने कहा कि संसद को गुमराह करने के लिए शरद पवार को संसद के साथ-साथ मुख्यमंत्री मायावती से भी माफी मांगनी चाहिए। आईएएनएस से बातचीत में राजस्व मंत्री ने खुलासा किया कि मुख्यमंत्री मायावती के निर्देश पर उन्होंने सात दिसम्बर 2007 को केन्द्रीय कृषि मंत्री शरद पवार को पत्र लिखकर 7016.01 करोड़ रुपये का पैकेज मांगा था, जिसमें लघु अवधि (शार्ट टर्म) आवश्यकता 2148.81 करोड़ रुपये तथा लंबी अवधि (लांग टर्म) आवश्यकता 4867.19 करोड़ रुपये की थी।

 

कृषि मंत्री को उन्होंने यह भी स्मरण कराया गया कि उत्तर प्रदेश सरकार पूर्वांचल और बुंदेलखंड में अवस्थापना सुविधाओं के लिए अलग से भी एक पैकेज मांग चुकी है। राजस्व मंत्री ने कहा कि हैरान कर देने वाली बात यह है कि शरद पवार जैसे नेता ने लोकसभा में इस बात से इंकार कर दिया जबकि 6 फरवरी को उनके पास कृषि मंत्री का पत्र आया जिसमें उन्होंने पत्र मिलने की बात कहने के साथ-साथ यह भी कहा था कि बुंदेलखंड के हालात का जायजा लेने के लिए नेशनल रेनफेड एरिया अथारिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डा. जें एसं सामरा के नेतृत्व में अंतर मंत्रालयीन केंद्रीय दल (इंटर मिनिस्टीरियल सेंट्रल टीम) 21 फरवरी से 24 फरवरी के बीच वहां जाएगी।

 

चौहान ने कहा कि यह टीम वहां गयी भी और उस दौरान प्रदेश के मुख्य सचिव पीं कें मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी वहां मौजूद थे। इन सब तथ्यों के बावजूद शरद पवार ने लोकसभा में यह कह दिया कि प्रदेश सरकार ने बुंदेलखंड के लिए पैकेज ही नहीं मांगा। ऐसे में यही कहा जाएगा कि वह अपनी स्मरण शक्ति खो चुके हैं अथवा किसी साजिश के तहत ऐसे बोल रहे हैं।

 

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस

Advertise Your Site            

 

Recommend This Page!

Home | News | HindiNest | समाचार | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Shop Online | Advertise on Boloji

(C) Boloji.com 1999-2008 - All Rights Reserved
Boloji.com is owned and managed by Boloji Media Inc
Privacy Policy | Disclaimer
No part of this Internet site may be reproduced without prior written permission of the copyright holder.