Home | News | समाचार | HindiNest | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Share This Page! | Shop Online | Advertise on Boloji


 

अब मुस्लिम महिलाओं का राष्ट्रीय
सम्मेलन करेंगे शाहनवाज

 

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष शाहनवाज हुसैन अब मुस्लिम महिलाओं का राष्ट्रीय सम्मेलन करने जा रहे हैं।

 

शाहनवाज ने आईएएनएस को बताया, ''इस आयोजन के लिए हमें पार्टी नेतृत्व ने हरी झंडी दे दी है। इसका आयोजन जून माह के दूसरे सप्ताह में दिल्ली में होगा।''

 

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी सुषमा स्वराज, नजमा हेपतुल्लाह और किरण माहेश्वरी समेत अन्य नेता भी इस कार्यक्रम में शरीक होंगे।

 

शाहनवाज ने बताया कि देश के अल्पसंख्यक वर्ग की महिलाओं को भाजपा से जोड़ने के लिए वह एक विशेष अभियान चला रहे हैं। इसी के तहत उन्होंने बुधवार को 200 मुस्लिम महिलाओं को पार्टी से जोड़ा। उनके मुताबिक 33 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था वाले महिला आरक्षण विधेयक के संसद में पेश होने से मुस्लिम महिलाओं का राजनीति की ओर रूझान बढ़ा है। इनकी एक बड़ी तादाद ऐसी है जिन्हें भाजपा में सुनहरा भविष्य दिखता है।

 

उनसे जब यह पूछा गया कि चाहे लोकसभा के चुनाव हो या फिर  विधानसभाओं के चुनाव, भाजपा नाममात्र के अल्पसंख्यक उम्मीदवारों को भी टिकट नहीं देती है। कर्नाटक चुनाव में तो एक भी अल्पसंख्यक को उम्मीदवार नहीं बनाया। ऐसे में पार्टी अल्पसंख्यक महिलाओं को कैसे टिकट देगी। इसके जवाब में शाहनवाज ने कहा, ''कई राज्यों में हम अल्पसंख्यक उम्मीदवारों को टिकट नहीं दे पाए हैं लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि अल्पसंख्यकों के लिए भाजपा के दरवाजे बंद हैं। भाजपा ने अल्पसंख्यकों के लिए दिल के दरवाजे खोल दिए हैं।''

 

उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक मोर्चा आने वाले दिनों में प्रदेश की राजधानियों में  रैलियां करेगा। उल्लेखनीय है कि शाहनवाज ने हाल ही में हैदराबाद में पार्टी के अल्पसंख्यक मोर्चे की राष्ट्रीय कार्यसमिति का आयोजन किया था।

 

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस

Advertise Your Site            

 

Recommend This Page!

Home | News | HindiNest | समाचार | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Shop Online | Advertise on Boloji

(C) Boloji.com 1999-2008 - All Rights Reserved
Boloji.com is owned and managed by Boloji Media Inc
Privacy Policy | Disclaimer
No part of this Internet site may be reproduced without prior written permission of the copyright holder.