Home | News | समाचार | HindiNest | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Share This Page! | Shop Online | Advertise on Boloji


 

बायोचिप बताएगी मरीजों पर क्यों
नहीं हो रहा दवाओं का असर !

लखनऊ , 10 जनवरी (आईएएनएस)। अतिसार, हैजा, टायफाइड, कैंसर और टीबी के संवाहक जीवाणुओं और विषाणुओं के जीन संरचना का पता लग जाने से अब इन रोगों की जांच के लिए जीन संरचना आधारित तकनीकों का इस्तेमाल होगा। भारत में संक्रामक रोगों की पुख्ता जांच के लिए एक्वा बायोचिप कंपनी ऐसी ही तकनीक का इस्तेमाल कर 'डायग्ोस्टिक बायोचिप' लेकर आ रही है।  

देश में डीएनए आधारित चिप बनाने वाली यह पहली कंपनी होगी। आगामी अप्रैल महीने में लखनऊ के बायोटेक पार्क में इसके निर्माण का काम शुरू हो जाएगा। इस कंपनी का सहयोग अमेरिकी कंपनी बायोडिस्कवरी व एक्वाचिप एलएलसी कर रही है। इस चिप से ये जानकारी आसानी से मिल जायेगी कि मरीज को कौन सी दवा फायदा करेगी या उस पर दवाओं का असर क्यों नहीं हो रहा है। 

बायोटेक पार्क में अमेरिका के मिशीगन स्टेट विश्वविद्यालय के प्रोफेसर व एक्वा बायोचिप कंपनी के मुख्य अधिकारी डा. सैयद ए हश्शाम ने बताया कि 'डायग्ोस्टिक बायोचिप' से दूषित पेयजल के कारण होने वाले 20 संक्रामक रोगों की जांच होगी। यही नहीं ये चिप टीबी, हैजा इत्यादि रोगाणुओं में दवाओं के प्रति प्रतिरोधकता का भी पता कर सकेगी। साथ ही यह किस दवा के प्रति संवेदनशील है यह जानकारी भी डाक्टरों को हासिल कराएगी।  

उन्होंने बताया कि इस चिप से यह पता लगाना भी संभव होगा कि एक ही वातावरण का प्रभाव दो अलग-अलग लोगों पर किस तरह पड़ रहा है। इतना ही नहीं उन्होंने दावा किया कि जो जांच पैथोलॉजी में 500 रुपये में होती है, इस चिप से वह जांच केवल 100 रुपये में हो जायेगी। यह परीक्षण जीन आधारित होगा। डा. हश्शाम ने बताया कि इससे जीन सवंर्धित फल व अनाज को भी पहचानना आसान हो जायेगा।  

उधर बायोटक पार्क के अधिकारी डॉ पी. के. सेठ ने कहा, ''वैज्ञानिकों के समक्ष यह कठिन चुनौती है, इस जांच को इतना सरल बनाना होगा कि इसका उपयोग विशेषज्ञ ही नहीं नर्स और कंपाउन्डर भी आसानी से कर सकें। तब ही जीन संरचना आधारित ज्ञान का फायदा हासिल हो सकेगा।'' 

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस

Advertise Your Site            

 

Recommend This Page!

Home | News | HindiNest | समाचार | Kabir | BoloKids | Bolography | Search | Contact | Shop Online | Advertise on Boloji

(C) Boloji.com 1999-2008 - All Rights Reserved
Boloji.com is owned and managed by Boloji Media Inc
Privacy Policy | Disclaimer
No part of this Internet site may be reproduced without prior written permission of the copyright holder.